लोकप्रिय पोस्ट

मंगलवार, 6 जुलाई 2021

ख़ुशी की खुराक

आज का समय जैसे बड़ा ही निराशाजनक समय है जब लोग अपने घरों में बंद है एवं एक दूसरे से ना तो संपर्क कर पा रहे हैं और ना ही एक साधारण जीवन जी पा रहे हैं। जीवन में कहीं कुछ बिखरा हुआ सा है और खुशी कहीं गायब सी है। सोशल मीडिया जैसे अनेक साधन तो हैं किंतु आमने सामने का संवाद और उसका महत्व अलग ही होता है। संगी साथियों के साथ ठिठोली मस्ती एवं साथ साथ किया हुआ भोजन एक अलग ही आनंद देता है। 

सामूहिक एवं धार्मिक आयोजन जीवन में नए रंग भरते हैं। त्योहारों पर मिलना जुलना खुशी को एक नए स्तर पर ले जाता है। ऐसे में यह और भी अधिक जरूरी हो जाता है कि खुशी का संचार लोगों में कैसे किया जाए? वास्तव में खुशी बाहर नहीं अंदर ही है लेकिन वह सबसे महान व्यक्ति है जो लोगों के जीवन में खुशी का संचार करता है। वास्तव में खुशी के दान से अधिक और कोई बड़ा दान नहीं है।


 

अच्छे विचार

अच्छे विचारों का महत्व कौन नहीं जानता? विचार अगर अच्छे हो तो एक व्यक्ति से लेकर वह समाज एवं राष्ट्र का नक्शा ही बदल देते हैं, इतनी ताकत होती है उनमें किंतु अगर विचार दूषित हो तो वह व्यक्ति से लेकर परिवार और समाज के पतन का भी कारण बनते हैं। विचारों की शक्ति से ही इतिहास में बड़े-बड़े कार्य संपन्न हुए हैं और वास्तव में हर व्यक्ति की आत्म शक्ति का स्रोत भी यही है।

पर जैसे ज्ञान को ना बांटो तो वह खत्म हो जाता है वैसे ही अच्छे विचार अगर साझा नहीं किए जाएं तो वह गायब ही हो जाते हैं, उनकी शक्ति क्षीण हो जाती है। अच्छे विचारों की भी अपनी तरंगे होती हैं जो साझा करने पर दूर दूर तक जाती हैं अत: अच्छे विचारों को जितना हो सके फैलाएं एवं जीवन भर की प्रसन्नता उपहार में ले ।

 

आंतरिक संवाद

हमारे जीवन का अधिकतर समय दूसरों के साथ संपर्क साधने में एवं उनसे लोक व्यवहार करने में जाता है। दिनभर की गतिविधियों में भी हम अधिक से अधिक समय दूसरों के साथ बिताते हैं एवं वह कब बीत जाता है पता ही नहीं चलता। बहुत कम ही लोग होते हैं जो यह महसूस करते हैं कि कुछ समय उन्हें स्वयं के साथ भी बिताना चाहिए और उसके लिए व्यवस्थित रूप से थोड़ा समय नियम से निकालना चाहिए।
 दुनिया की इस भाग दौड़ में अपने लिए समय निकालना बहुत जरूरी है, यह हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए आवश्यक है। जैसे खुद से संवाद स्वयं को आईना दिखाता है वैसे ही खुद के साथ बिताया हुआ समय जैसे हम हमें नई ऊर्जा का संचार करता है और नई रचनात्मकता को जन्म देता है। तो आज से ही हमें नियमित तौर पर अपने लिए थोड़ा सा समय निकालना होगा।

 

सोमवार, 10 मई 2021

रिश्ते

 

आज पूरी दुनिया अगर किसी चीज से सबसे ज्यादा आतंकित है तो वह है रिश्तो की उलझन, संस्कारों का टकराव। आज लोगों के पास सुख साधन तो है ,धन भी भरपूर है पहले से अधिक संपन्नता है किंतु वह अंदर से कहीं टूटा हुआ है। कहीं ना कहीं उसे परिवार का सुख नहीं है। आत्मीयता तो अब याद करने से भी याद नहीं आती. जब पड़ोसी ही परिवार वालों की जगह ले लेते थे और अच्छे बुरे सभी वक्त की सच्चे साथी होते थे।
घरों के अंदर भी वातावरण में बड़ी ही नकारात्मकता है जिससे एक साथ रहते हुए भी सब अलग-अलग कमरों में बंद रहते हैं एवं अपने अहंकार को पोषित करते हैं। अगर रिश्तो को संभालने की कोई चाबी है तो वह है केवल प्यार और प्यार। प्यार के साथ हालांकि अनुशासन का होना भी आवश्यक है ,साथ ही परिवार जनों के साथ एक मर्यादित व्यवहार भी जरूरी है। यह समझकर की हर एक सदस्य अपने आप में एक अलग रुचि और व्यक्तित्व रखता है, अगर इस प्रकार समझदारी से रिश्तो में प्रेम के रंग भरे जाएं तो यह बिखरे हुए परिवार फिर से पुनर्जीवित हो जाएंगे।


संगत का प्रभाव

अच्छे लोगों  की संगत जीवन में एक ऐसा चुनाव होता है जो जीवन को सुंदर भी बना सकता है एवं बिगाड़ भी सकता है। जीवन में जिन्हें सफलता के नए आयामो को रचना हो, कुछ करके दिखाना हो, उन्हें अपने मित्रों के चुनाव पर बहुत ध्यान देना चाहिए। एक अच्छा साथ, एक अच्छा मित्र एवं मार्गदर्शक आपका जीवन बदल सकता है। एक अच्छा साथ ना केवल हमें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित करता है बल्कि बुरे समय में वह एक बहुत ही मजबूत सहारा बनकर उभरता है। अच्छे मित्र के प्रभाव से हमारे निर्णय भी सटीक होते हैं एवं जीवन में उल्लास बना रहता है।
गलत संगत जीवन में बड़े ही खराब परिणाम ला सकती है। हाथ में आती हुई सफलता भी फिसल सकती है एवं व्यक्ति अर्श से फर्श पर आ सकता है। अच्छे लोगों की संगत चुनना भी बहुत बुद्धिमानी का काम होता है। वह ऐसे ही है कि हंस दानों में से मोती चुन लेता है। अच्छी संगत करें और स्वयं के जीवन में परिवर्तन देखें।

 

विचार एक शक्ति

विचारों की शक्ति सचमुच अद्भुत है। इतना जानते हुए भी हम अपने विचारों की शक्ति को सही तरीके से उपयोग नहीं करते। बचपन में माता-पिता से लेकर विद्यालय तक हम पढ़ना लिखना सीखते हैं, समझ विकसित करते हैं किंतु यह कोई नहीं सिखाता कि कैसे सोचना है। सुनने में बड़ा अजीब लगता है किंतु हमारे जीवन की सबसे महत्वपूर्ण परिणाम हमें अपने विचारों की शक्ति से ही मिलते हैं। हम आज जो हैं, वह अपने पिछले किए हुए कार्यों के कारण है और वह कार्य हमारी विचार शक्ति के कारण ही उत्पन्न हुए। हमारे विचारों की ताकत ही हमें किसी कार्य को पूर्ण करने के लिए प्रेरित करती है। हर सुंदर और अद्भुत चीज के पीछे एक सुंदर विचार ही होता है और जब वह विचार क्रियान्वित होता है तो उसकी शोभा देखते ही बनती है। हर कलाकार की सबसे नायाब कृति वह होती है जिसमें वह अपने विचारों की संपूर्ण सुंदरता झोंक देता है तभी एक अपूर्व रचना जन्म लेती है। अतः अपने विचारों की शक्ति को जाने, समझे और पहचाने।


 

सोमवार, 3 मई 2021

जीवन की महिमा

आज हर इंसान जीवन में खुशी चाहता है और इस खुशी की खोज में वह तरह-तरह के तरीके अपनाता है। चाहे वह सैर सपाटा हो,अच्छा भोजन हो, अच्छा पहनावा हो या फिर कोई अन्य मनोरंजन का साधन। अंततः जो भी मनुष्य करता है वह उसमें खुशी और आनंद  ही ढूंढता है लेकिन जीवन वास्तव में क्या है। जीवन की कई परिभाषाएं दी गई हैं किंतु सबसे सरलतम रूप में जीवन छोटी-छोटी खुशियों को पिरो कर बनाई हुई एक माला है । 
 बड़ी बड़ी उपलब्धियों की तलाश में हम छोटे-छोटे सुंदर किंतु शक्तिशाली क्षणों को यूं ही गवा देते हैं और फिर जीवन भर खुशियों की तलाश में भटकते हैं। इन छोटे-छोटे वर्तमान के क्षणों में जो खुशी छिपी है वह वास्तव में अमूल्य है।देखा जाए तो जीवन का हर क्षण शक्तिशाली है और आनंद से भरा है किंतु आवश्यकता इसकी है कि हम उस की महिमा को पहचाने एवं उसे जी भर कर जिए।

ख़ुशी की खुराक

आज का समय जैसे बड़ा ही निराशाजनक समय है जब लोग अपने घरों में बंद है एवं एक दूसरे से ना तो संपर्क कर पा रहे हैं और ना ही एक साधारण जीवन जी पा...